कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि किसानों में आधुनिक तकनीक और नई बीज किस्मों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए 29 मई से 12 जून तक देशव्यापी अभियान ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।
नई दिल्ली में राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन- खरीफ अभियान के दौरान श्री चौहान ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत देश भर के 700 जिलों के करीब डेढ़ करोड़ किसानों तक पहुंचा जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र राज्यों के सहयोग से कृषि वैज्ञानिकों, अधिकारियों और प्रगतिशील किसानों सहित दो हजार दल बनाएगा। प्रत्येक दल की जिला स्तर पर हर दिन तीन बैठकें होंगी। इसका उद्देश्य हर दिन दस से बारह लाख किसानों तक पहुंचना है। श्री चौहान ने सभी प्रमुख फसलों की उत्पादकता और उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कृषि विस्तार सेवाओं में सुधार पर बल दिया। उन्होंने नई तकनीकों और प्रयोगशालाओं में किए गए शोध कार्यों को एक निश्चित समय सीमा के भीतर किसानों के खेतों तक उपलब्ध कराने पर भी बल दिया।