मौसम विभाग ने 26 मार्च तक पूर्वोत्तर भारत और पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र में गरज के साथ आंधी-तूफान और वर्षा की संभावना व्यक्त की है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और सिक्किम में अगले दो दिनों में कहीं-कहीं भारी बारिश, बिजली चमकने और आंधी आने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 29 मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं अंधड़ आने का अनुमान है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड में 29 मार्च तक हल्की वर्षा और आंधी-तूफान की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार रायलासीमा, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में 27 मार्च तक उमसभरी गर्मी बनी रहने का अनुमान है।