झारखंड में चक्रधरपुर रेल मंडल के बड़ाबाम्बो और खरसावा रेलवे स्टेशन के बीच आज सुबह हावड़ा-मुंबई मेल की 18 बोगियों के पटरी से उतर जाने से दो यात्रियों की मौत हो गई और कई यात्री घायल हो गए। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान दो यात्रियों के शव बरामद किये गए। घायल यात्रियों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
इस बीच, रेलवे ने हावड़ा–मुंबई मेल के फंसे यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था की है। दुर्घटनास्थल से यात्रियों के परिवहन के लिए विशेष बस सेवा की व्यवस्था की गई है। फंसे हुए यात्रियों को राहत ट्रेन से चक्रधरपुर स्टेशन पहुंचाया गया। चार घायल यात्रियों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि पहले ही दी जा चुकी है। बाकी घायल यात्रियों को अनुग्रह अनुदान देने की प्रक्रिया चल रही है।
दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन हावड़ा से मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनस जा रही थी। दुर्घटनास्थल पर एक राहत ट्रेन पहुंच गई है। राहत एवं बचाव कार्य जोरों पर है।
रेलवे ने टाटानगर (06572290324), चक्रधरपुर (06587 238072), राउरकेला (06612501072, 06612500244), रांची (0651278711) और हावड़ा (9433357920, 03326382217) के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।