नवम्बर 15, 2025 8:39 पूर्वाह्न | Bhagwan Birsa Munda | Jharkhand | Jharkhand Foundation Day

printer

झारखंड में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखण्‍ड स्थापना दिवस मनाई जा रही

झारखंड में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मनाई जा रही है। साथ ही झारखण्‍ड अपने स्थापना दिवस की रजत जयंती भी मना रहा है। आज ही के दिन वर्ष 2000 में बिहार से अलग होकर यह देश का 28वाँ राज्य बना था। 
भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाये जा रहे समारोह का भी आज समापन हो जाएगा। इस अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में जनजातीय विरासत और स्वतंत्रता आंदोलन में भगवान बिरसा मुंडा के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला जाएगा। 
 
इस अवसर पर केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल ओराम और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी जिले के उलिहातु जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इससे पहले, केंद्रीय मंत्री ओराम ने रांची स्थित भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
 
राज्य सरकार ने उलिहातु में बिरसा महोत्सव को पर्यटन महोत्सव घोषित किया है।
 
इस बीच, भाजपा ने रांची में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक जनसभा सहित विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन किया है। इस अवसर पर सभी जिलों में प्रदर्शनी लगाई जाएंगी जहां केंद्र सरकार की योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।