विश्व व्यापार संगठन -डब्ल्यूटीओ का 14वां मंत्रिस्तरीय सम्मेलन आज कैमरून के याउंडे में शुरू हो रहा है यह सम्मेलन 29 मार्च तक चलेगा। सम्मेलन की अध्यक्षता कैमरून के व्यापार मंत्री ल्यूक मैग्लॉयर म्बार्गा अतांगाना करेंगे। 166 सदस्य देशों के मंत्री इस सम्मेलन में भाग लेंगे। सम्मेलन में वैश्विक व्यापार के भविष्य को आकार देने वाले महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। चर्चा के प्रमुख क्षेत्रों में डब्ल्यूटीओ सुधार, कृषि, ई-कॉमर्स और निवेश सुविधा शामिल हैं।
यह सम्मेलन बढ़ते भू-राजनीतिक तनावों, अमरीका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव, और पश्चिम एशिया संघर्ष की पृष्ठभूमि में हो रहा है। अमरीका द्वारा लगाए गए टैरिफ डब्ल्यूटीओ सिद्धांतों के सर्वोपरि राष्ट्र -एमएफएन नियम और निर्धारित टैरिफ दरों के अनुरूप नहीं माने जाते हैं। इस सम्मेलन में अमरीका द्वारा लगाए गए टैरिफ की जांच की जाएगी। इस सम्मेलन को नियम-आधारित बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली में विश्वास को पुनर्जीवित करने के एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।