विश्व तपेदिक दिवस के अवसर पर अगरतला के काठियाबाबा आश्रम, नागिचेरा में राज्य-स्तर के सौ दिन के तपेदिक अभियान का आधिकारिक रूप से शुभारंभ किया गया है। इस कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सहयोग से त्रिपुरा सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग द्वारा किया गया है।
राज्य के स्वास्थ्य सचिव किरण गिट्टे ने इस अभियान का उद्घाटन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अगर इस बीमारी का शुरूआती चरण में पता लगा लिया जाए और इसका सटीक इलाज किया जाए तो तपेदिक का इलाज संभव है। उन्होंने जागरूकता और समय पर स्क्रीनिंग के महत्व का उल्लेख किया। श्री गिट्टे ने कहा कि तपेदिक मुक्त राज्य और देश का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सरकार स्क्रीनिंग टेस्ट पर अधिक ध्यान दे रही है। श्री गिट्टे ने कहा कि भारत में फिलहाल लगभग 26 लाख तपेदिक रोगी हैं।