मार्च 26, 2024 3:23 अपराह्न

printer

होली के अवसर पर भगवान रामलला के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे अयोध्या

होली के अवसर पर भगवान रामलला के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में कल श्रद्धालु अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, भक्तों ने राम मंदिर के अंदर ’रंगोत्सव’ मनाया। रंगों का त्योहार ’रंगोत्सव’ के मौके पर नवनिर्मित राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद पहली बार रामलला को रंग अर्पित किया गया। भक्तों ने एक-दूसरे को त्योहार के रंगों में रंग दिया। मौज-मस्ती के बीच, पारंपरिक मिठाइयां साझा की गई। प्रदेश में भी होली का त्यौहार पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। धार में रंगों के पर्व होली को लेकर आदिवासी बाहुल्य धार जिले में उत्साह का माहौल रहा। धुरेंडी पर हुरियारो द्वारा जमकर रंग खेला गया। विभिन्न समाजों द्वारा परम्परागत गेर भी निकाली गई। शिवपुरी में होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। रंग उत्सव के बीच युवाओं में खासा जोश देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर चौराहों पर कॉलोनी में लोग गीत- संगीत पर नाचते झूमते नजर आए और एक दूसरे पर रंग गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। सीहोर प्रदेश का एकमात्र जिला है जहां लगातार दो दिन रंग का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाता है। अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा इस बार भी महादेव की होली का आयोजन करेंगे। आगरमालवा, शाजापुर, राजगढ़, ग्वालियर, सतना, खरगोन सहित प्रदेश के अन्य जिलों से भी होली का पर्व हर्ष के साथ मनाने के समाचार मिले है।