हैदराबाद के बोलारम स्थित राष्ट्रपति निलयम के मुख्य प्रांगण में आज सुबह प्रगतिशील महिला किसानों के एक समूह ने दूसरे उद्यान उत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया। यह उद्यान उत्सव राष्ट्रपति भवन द्वारा जन भागीदारी और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के प्रयासों के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय और राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंधन संस्थान के सहयोग से राष्ट्रपति निलयम की ओर से आयोजित उद्यान उत्सव 2026 में लगभग 50 स्टॉल और लगभग 120 प्रदर्शक शामिल हैं। ग्रीन नॉलेज हब, बाजरा मंडी और स्टार्टअप हब, इको बाजार, पौध एवं उत्पाद क्षेत्र जैसे विशेष क्षेत्र मुख्य आकर्षणों में से हैं। इस वर्ष के मुख्य आकर्षणों में मिट्टी के बर्तन बनाना, सब्जी की नक्काशी और बीज के गोले तैयार करना जैसी व्यावहारिक गतिविधियां, हाइड्रोपोनिक्स, एक्वापोनिक्स और प्राकृतिक रंग निष्कर्षण का प्रदर्शन, प्रश्नोत्तरी, प्रतियोगिताएं और विश ट्री – भारत के प्रति मेरा वादा शामिल हैं।
उद्यान उत्सव राष्ट्रपति निलयम के मुख्य लॉन में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक इस महीने की 11 तारीख तक जनता के लिए नि:शुल्क खुला रहेगा। आगंतुक राष्ट्रपति भवन की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन या आगंतुक सुविधा केंद्र में स्थापित बूथों पर अपनी प्रवेश बुकिंग करा सकते हैं।