सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय-एमएसएमई ने हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के पंडोगा और सोलन जिले के परवाणू औद्योगिक क्षेत्र में एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित करने को मंजूरी दे दी है। यह टेक्नोलॉजी सेंटर करीब 10-10 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किए जाएंगे। एमएसएमई मंत्रालय द्वारा देशभर में स्थापित किए जा रहे 13 नए टेक्नोलॉजी सेंटर, एक्सटेंशन सेंटर में पंडोगा और परवाणू को शामिल किया गया है। इन टेक्नोलॉजी सेंटर्स के स्थापित होने से राज्य में औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
इससे उद्योगों को आधुनिक तकनीकी सहयोग मिलेगा, औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इन केंद्रों से युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, स्टार्टअप तथा स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे और एमएसएमई इकाइयों की गुणवत्ता व प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता भी मजबूत होगी।