जनवरी 21, 2026 6:04 अपराह्न

printer

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने हेलीकॉप्टर सेवाओं का किया उद्घाटन

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला के संजौली हेलीपैड से हेलीकॉप्टर सेवाओं का उद्घाटन किया। संजौली हेलीपैड से कुल्लू जिले के भुंतर हवाई अड्डे और किन्नौर जिले के रेकोंग पेओ के लिए प्रतिदिन हेलीकॉप्टर उड़ानें शुरू हो गई हैं। इसके अतिरिक्त, चंडीगढ़ और संजौली हेलीपैड के बीच हेलीकॉप्टर सेवाएं सप्ताह में तीन दिन – सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को संचालित होंगी। संजौली से कुल्लू के लिए प्रति यात्री तीन हजार 500 रुपये, संजौली से रेकोंग पेओ के लिए प्रति यात्री चार हजार रुपये और संजौली से चंडीगढ़ के लिए प्रति यात्री तीन हजार एक सौ 69 रुपये का किराया निर्धारित किया गया है।

   मुख्यमंत्री ने कहा कि संजौली-रामपुर-रेकोंग पेओ और संजौली-मनाली के लिए भी हेलीकॉप्टर सेवाएं जल्‍द ही शुरू की जाएंगी। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्‍खू ने कहा कि ये सेवाएं पर्यटन से जुड़े लोगों के साथ ही आम जनता के लिए भी लाभकारी होंगी। इससे राज्य में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

उड़ान योजना के तहत हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली हेलीपैड से चंडीगढ़, कुल्लू और रेकोंग पेओ के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं आज से शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रेकोंग पेओ के लिए पहली हेलीकॉप्टर उड़ान – हेली-टैक्सी सेवा का उद्घाटन किया।