हिमाचल प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में राष्ट्रीय स्तर का शीतकालीन कार्निवल आज से शुरू हो गया है। यह कार्निवल 24 जनवरी तक चलेगा और इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हडिम्बा देवी मंदिर में औपचारिक प्रार्थना समारोह के साथ किया। मुख्यमंत्री ने शीतकालीन कार्निवल की झांकियों को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मनाली में 250 करोड़ रुपये की लागत से एक नदी तट के विकास की घोषणा की।
शीतकालीन कार्निवल में देश भर के सांस्कृतिक समूहों के अलावा लगभग तीन सौ महिला समूहों ने पारंपरिक परिधानों में सजी रंग-बिरंगी झांकियां प्रस्तुत कीं। मनाली शीतकालीन मेले के दौरान शरद सुंदरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में 30 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।