हिमाचल प्रदेश आज अपना 78वां स्थापना दिवस मना रहा है। 15 अप्रैल 1948 को 30 छोटी-बड़ी रियासतों को मिलाकर राज्य का गठन किया गया था। इस वर्ष स्थापना दिवस समारोह चंबा जिले की जनजातीय पांगी घाटी के मुख्यालय किल्लार में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे। इस अवसर पर राज्य की समृद्ध विरासत से जुड़े कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल दिवस के अवसर पर प्रदेश के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने लिखा है- राज्य अपनी गौरवशाली संस्कृति के लिए प्रसिद्ध है और यहां के लोग अपनी मेहनत, प्रतिभा और वीरता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने इस विशेष अवसर पर राज्य के लोगों के जीवन में खुशहाली, समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना भी की।