हिमाचल दिवस का राज्य स्तरीय समारोह 15 अप्रैल, 2024 को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि राज्यपाल हिमाचल प्रदेश शिव प्रताप शुक्ल होंगे। यह जानकारी उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने समारोह की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में आकर्षक परेड का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शिमला पुलिस, यातायात पुलिस, होमगार्ड, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड, एसडीआरएफ, भारतीय पुलिस रिज़र्व वाहिनी आदि शामिल रहेंगे। इसी प्रकार, समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें हमीरपुर, सिरमौर, मण्डी और कांगड़ा जिला के उत्कृष्ट सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुति देंगे। समारोह में हिमाचल प्रदेश पुलिस और हिमाचल होमगार्ड बैंड आकर्षण का केन्द्र रहेंगे।