हाथरस मामले की जांच के लिये राज्य सरकार की ओर से गठित न्यायिक जांच आयोग ने अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन आज हाथरस में घटनाक्रम को लेकर कई लोगों से पूछताछ की। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश बृजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में गठित इस जांच आयोग के सदस्य कल से ही हाथरस में मौजूद है।
इस आयोग में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हेमंत राव और सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी भावेश कुमार सिंह सदस्य के रूप में शामिल है। कल उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ हाथरस के जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से जानकारी जुटाई थी।
सेवानिवृत्त न्यायाधीश बृजेश कुमार श्रीवास्तव और सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी भवेश कुमार सिंह ने आज मीडिया से बातचीत में कहा कि इस मामले में जो भी वीडियो फुटेज और ऑडियो सामने आएंगे, उनको जांच में शामिल किया जायेगा। इस जांच आयोग को दो माह में अपनी रिपोर्ट प्रदेश सरकार को देनी है।