हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रदेशभर में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही है। वहीं लोग अपने घरों पर तिरंगा फहरा कर इस अभियान का हिस्सा बन रहे हैं। इसी क्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आज राजभवन के मुख्य भवन पर तिरंगा फहराया और सलामी ली। मथुरा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय में तिरंगा यात्रा निकाली गई।
कुशीनगर में पुलिस कर्मियों, पीलीभीत में सशस्त्र सीमा बल के जवानों, जौनपुर में जिलाधिकारी की अगुवाई में तिरंगा यात्रा निकाली गई। हरदोई में तिरंगा कार और मोटरसाइकिल रैली में करीब दस हजार लोगों ने हिस्सा लिया। यह रैली शहर के प्रमुख स्थानों से होकर गुजरी।
उन्नाव में उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी द्वारा स्कूली बच्चों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। अमेठी में जिलाधिकारी निशा अनंत ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा रैली को रवाना किया।
लखनऊ में भारतीय सेना के सूर्या कमान द्वारा तिरंगा बाइक रैली में राष्ट्रीय गौरव का शानदार प्रदर्शन दिखा। हर घर तिरंगा अभियान देशवासियों में राष्ट्र भक्ति की भावना बढ़ाने के लिए 9 से 15 अगस्त तक पूरे देश में चलाया जा रहा है।