मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

मार्च 1, 2025 2:23 अपराह्न

printer

हरियाणा में कल होंगे शहरी स्थानीय निकाय चुनाव

हरियाणा के चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने बताया है कि राज्य में  कल होने वाले  शहरी स्थानीय निकाय चुनावों को शांतिपूर्वक, पारदर्शी तथा निष्पक्ष ढंग से करवाने के लिए व्यापक प्रबंध किये गये हैं।

श्री धनपत सिंह ने बताया कि कल 7 नगर निगमों,  गुरुग्राम, मानेसर, फरीदाबाद, हिसार, रोहतक, करनाल, एवं यमुनानगर के महापौर तथा सभी वार्डों के सदस्यों के लिए, अम्बाला एवं सोनीपत नगर निगम के महापौर के उप चुनाव के लिए मतदान होगा।

अम्बाला सदर, पटौदी जटौली मंडी, मानेसर एवं सिरसा 4 नगर परिषदों  प्रधान तथा सभी वार्ड सदस्यां के लिए और सोहना नगर परिषद में प्रधान  पद के उप चुनाव के लिए मतदान होगा।

इनके अलावा 21 नगर पालिकाओं के प्रधान पद तथा सभी वार्डों के सदस्यों चुनने के लिए वोट डाले जाएंगे। साथ ही असंध, जिला करनाल एवं इस्माईलाबाद नगर पालिका के प्रधान  पद के लिए होने वाले उप चुनाव के लिए भी मतदान कल ही  होगा।

उन्होने बताया कि 9 नगर निगमों में महापौर के पद के लिए 39 प्रत्याशी मैदान में हैं जिसमें गुरुग्राम एवं अम्बाला नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के प्रत्याशियों में कांटे की टक्कर है।

राज्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि कि नगर निगम, फरीदाबाद के वार्ड 36, नगर निगम गुरुग्राम के वार्ड  22, नगर निगम करनाल के वार्ड 8 एवं 11 तथा नगर निगम यमुनानगर के वार्ड 9 के प्रत्याशी बिना मुकाबला चुने गए हैं।

नगर परिषद, अंबाला के वार्ड 24 एवं नगर परिषद मानेसर के  वार्ड  7 और 32 के  प्रत्याशी निर्विरोध चुन लिये गये हैं।

इनके अलावा नगरपालिकाओं में 17 वार्ड सदस्यों निर्विरोध चुने गये हैं। उन्होंने बताया  कि जिन नगर निगमों में महापौर व वार्ड सदस्यों, नगर परिषदों में प्रधान तथा वार्ड सदस्यों एवं नगर पालिकाओं में प्रधान तथा वार्ड सदस्यों के लिए चुनाव है, वहां पर दो इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन से मतदान करवाया जाएगा।