हरियाणा के वन विभाग ने 75 वर्ष से अधिक आयु के प्राण वायु देवता वृक्षों की पूजा कर विश्व पर्यावरण दिवस मनाया। गुरुग्राम के भोंडसी में आयोजित समारोह में वन अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर अपर प्रधान मुख्य वन सरंक्षक अनंत प्रकाश पांडे ने पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए प्राण वायु देवता योजना के बारे में विस्तार से बताया और सबसे वृक्षारोपण को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के साथ साथ पौधों की देखभाल भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से जहां एक ओर पर्यावरण संरक्षण के बारे में प्रभावी रूप से जागरूकता बढ़ाई गई, वहीं प्रकृति के प्रति गहरा लगाव और सम्मान को भी बढ़ावा दिया गया।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के वनस्पति उद्यान में नवग्रह वाटिका का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज ने नवग्रह वाटिका में लगाए गए नौ ग्रहों पर आधारित पौधों का निरीक्षण किया।