हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने आज राजभवन में 28 नवंबर से 15 दिसंबर तक कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उपस्थित रहे।
श्री दत्तात्रेय ने अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव को सामाजिक आयोजन बनाने के लिए और अधिक प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया। राज्यपाल ने कहा कि दक्षिणी राज्यों को इस भव्य आध्यात्मिक आयोजन के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। महोत्सव में देश भर से प्रमुख आध्यात्मिक हस्तियों को भी आमंत्रित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रख्यात धार्मिक हस्तियों और डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग करके इस आयोजन की पहुंच को और बढ़ाया जा सकता है।
श्री दत्तात्रेय ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की हस्तियों को सदस्य के रूप में नियुक्त करके कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के संरचनात्मक दायरे को व्यापक बनाने की भी आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ महिलाओं को भी बोर्ड का सदस्य नियुक्त किया जाना चाहिए।