हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित 38वें सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेले में आज अवकाश वाले दिन देशभर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचें। इस वर्ष मेले के साझेदार राज्य मध्य प्रदेश और ओडिशा हैं। मेले में मिस्र, इथियोपिया, सीरिया, अफगानिस्तान, बेलारूस सहित लगभग 42 देशों के लगभग छह सौ प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इसके अलावा, बिम्सटेक देशों – बांग्लादेश, भूटान, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका और थाईलैंड सहित कई देश भी मेले में भाग ले रहे हैं। इस मेले का उद्देश्य हस्तशिल्प उत्पाद और हथकरघा को बढ़ावा देना है। सुरजकुंड मेला प्राधिकरण और हरियाणा पर्यटन द्वारा केंद्रीय पर्यटन, वस्त्र, संस्कृति और विदेश मंत्रालयों के सहयोग से आयोजित इस मेले के लिए आगंतुक टिकट, मेला स्थल पर निर्धारित काउंटरों तथा दिल्ली मेट्रो के ऐप दिल्ली सारथी 2.0 से खऱीद सकते हैं। इसके अलावा दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशनों पर से भी टिकट खरीदे जा सकते हैं।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रसिद्ध राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय लोक कलाकार तथा सांस्कृतिक समूह अपनी प्रस्तुति दे रहे हैं। इसके अलावा, शाम को मुख्य चौपाल में मंत्रमुग्ध कर देने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी किये जा रहे हैं। कल इस मेले का समापन हो जाएगा।