फिलिस्तीनी आतंकी गुट हमास ने युद्धविराम समझौते के अमरीकी प्रस्ताव को बिना किन्हीं नई शर्तों के लागू करने की इच्छा जताई है। कतर और मिस्र के मध्यस्थों के साथ दोहा में बैठक के दौरान हमास प्रतिनिधिमंडल ने गज़ा पट्टी में युद्धविराम समझौता लागू करने की दिशा में रचनात्मक और लचीला रुख प्रदर्शित किया।
हमास ने कहा है कि उन्होंने गज़ा पट्टी से इस्रायली सेना की पूर्ण वापसी की मांग की है और इस बात पर जोर दिया है कि क्षेत्र का शासन एकीकृत फिलिस्तीनी विजन के साथ आंतरिक फिलिस्तीनी मुद्दा बना रहना चाहिए।
इससे पहले इस्रायल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने सुझाव दिया था कि इस्रायल छह सप्ताह के लिए गलियारे से हट सकता है ताकि बंधकों को इस्रायल की सुरक्षा से समझौता किए बिना मुक्त किया जा सके। हमास गज़ा पट्टी से इस्रायली सैनिकों की पूर्ण वापसी चाहता है जो विवाद का प्रमुख मुद्दा बना हुआ है।