हंता वायरस के प्रकोप से ग्रस्त जहाज से निकाले गए स्पेन के एक यात्री की इससे संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि हंता वायरस से संक्रमित पाए गए यात्री को मैड्रिड के एक सैन्य अस्पताल में क्वारंटाइन में रखा गया है। सभी यात्रियों और चालक दल के कई सदस्यों को निकालने का काम पूरा होने के बाद, एमवी होंडियस जहाज अब नीदरलैंड वापस जा रहा है, जहां इसकी सफाई और कीटाणुशोधन किया जाएगा। मैड्रिड में मौजूद विश्व स्वास्थ्य संगठन के निदेशक ने बताया कि अब तक 11 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें क्रूज के तीन लोगों की मौत भी शामिल है। इसी से संबंधित एक घटनाक्रम में, फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने कहा है कि सरकार, आज हंता वायरस पर दो नई आपातकालीन बैठकें कर रही है। पेरिस के एक अस्पताल में, प्रभावित जहाज से निकाली गई फ्रांस की एक महिला गहन चिकित्सा इकाई में स्थिर हालत में है।
इस बीच, नीदरलैंड के एक अस्पताल में, जहां हंता वायरस के एक मरीज का इलाज चल रहा है, वहां के 12 कर्मचारियों को क्वारंटाइन में रहने के लिए कहा गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि यह किसी क्रूज जहाज पर हंता वायरस का पहला प्रकोप है। हालांकि हंता वायरस का कोई इलाज या टीका नहीं है, लेकिन विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि शुरुआती पहचान और उपचार से जीवित रहने में सुधार होता है।