गृहमंत्री अमित शाह की डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर पर टिप्पणी को लेकर विपक्षी दलों के हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
लोकसभा की कार्यवाही जब आज सुबह शुरू हुई तो कांग्रेस, द्रविड मुनेत्र कडगम, समाजवादी पार्टी और अन्य दलों सहित विपक्षी पार्टियों ने गृहमंत्री की टिप्पणी को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। विरोध करने वाले कुछ सांसद, सदन के बीचों-बीच आ गए। इस शोर-शराबे के बीच अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
राज्यसभा में भी कुछ इसी प्रकार का दृश्य देखने को मिला। सदन की कार्यवाही जब शुरू हुई तो सभापति जगदीप धनखड़ ने श्री शाह की टिप्पणी और अन्य मुद्दों पर विपक्षी सांसदों के स्थगन प्रस्ताव को खारिज कर दिया। कांग्रेस, द्रविड मुनेत्र कडगम, आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल, वाम दल और अन्य दलों के विपक्षी सांसद, गृहमंत्री के विरूद्ध नारेबाजी करने लगे। सभापति ने सदन की गरिमा बनाए रखने का आग्रह किया, लेकिन यह निरर्थक साबित हुआ। उसके बाद उन्होंने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।