मार्च 15, 2024 9:33 अपराह्न

printer

स्वास्थ्य विभाग के बर्खास्त 5000 कर्मियों को बहाल कर दिया गया है

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग के बर्खास्त 5000 कर्मियों को बहाल कर दिया गया है। वहीं लगभग 25 हजार कर्मियों का रूका हुआ वेतन भी जारी कर दिया गया है। गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी 21 अगस्त 2023 से 12 सितम्बर 2023 तक अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर थे। हड़ताल के दौरान कार्यालय में अनुपस्थित रहने के कारण उन्हें बर्खास्त कर वेतन अस्वीकृत कर दिया गया था। छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य फेडरेशन ने स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल से मुलाकात कर बर्खास्त कर्मियों को बहाल करने तथा रूका हुआ वेतन जारी करने का आग्रह किया था। स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने इस संबंध में अधिकारियों को समस्या के निराकरण करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद बर्खास्त 5000 कर्मचारियों को वापस सेवा में ले लिया गया है। साथ ही 25 हजार कर्मचारियों का आंदोलन के दौरान रूका हुआ वेतन भी स्वीकृत कर दिया गया है। हालांकि आंदोलन के दौरान चिकित्सा शिक्षा विभाग के 2000 कर्मचारियों का रूका हुआ वेतन देने का आदेश जारी नहीं किया गया है। फेडरेशन के पदाधिकारियों ने इन कर्मियों का भी वेतन जारी करने का आग्रह स्वास्थ्य मंत्री से किया है।