स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता का मूल्यांकन करना और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के कार्यान्वयन को सुदृढ़ करना था। इसमें मुख्य रूप से सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को सुदृढ़ करना, रोगियों की देखभाल, नियामक पर्यवेक्षण और सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती के रूप में टीबी उन्मूलन जैसे क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया। श्री नड्डा ने टीबी उन्मूलन के लिए सरकार के संकल्प को दोहराया उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्तर पर टीबी स्क्रीनिंग को सुदृढ़ करने के लिए एआई-सक्षम हैंडहेल्ड एक्स-रे यूनिट शुरू की गई हैं, जबकि टीबी का शीघ्र पता लगाने के लिए ब्लॉक स्तर पर एन ए एटी मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन अभियान को जिला और ब्लॉक स्तर पर कड़ी निगरानी के साथ मिशन मोड में चलाया जाना चाहिए। दवाओं के सुदृढ़ नियमन की आवश्यकता पर बल देते हुए श्री नड्डा ने कहा कि दवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दवा आपूर्ति श्रृंखला में निरंतर निगरानी अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों से सर्वोत्तम नियामक प्रथाओं को संस्थागत रूप देने और रोगी संतुष्टि, नियामक निरीक्षण और अनुपालन में सुधार को निरंतर प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
Site Admin | दिसम्बर 29, 2025 9:41 अपराह्न
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री ने हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की