राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत और विकसित भारत के निर्माण के लिये सभी आगे बढ़ें। स्वच्छता ही देश को स्वस्थ और विकसित बना सकती है।
राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु आज उज्जैन में सफाई मित्रों के सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रही थीं। राष्ट्रपति ने साथ ही 1692 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उज्जैन-इन्दौर सिक्स-लेन मार्ग का भूमि-पूजन भी किया। राष्ट्रपति ने कहा कि उज्जैन एवं प्रदेश में समग्र विकास के अनेक प्रयास किये जा रहे हैं।
राष्ट्रपति ने बाबा महाकालेश्वर के दर्शन कर मन्दिर परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के अन्तर्गत स्वच्छता के लिये श्रमदान किया। राष्ट्रपति ने ग्राम ढेंडिया में स्वच्छता ही सेवा-2024 अभियान अन्तर्गत लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
राष्ट्रपति ने श्रीमहाकालेश्वर मंदिर में अर्पित किए गये फूलों और निर्माल्य से बने उत्पाद के स्टॉल का अवलोकन किया।