स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने घोषणा की है कि उनकी सरकार 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने की योजना बना रही है। उन्होंने ऑनलाइन सुरक्षा और नुकसानदायक डिजिटल कंटेंट को लेकर चिंताओं का हवाला दिया। दुबई में वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट में श्री सांचेज़ ने कहा कि सोशल मीडिया कंपनियों को इस प्रतिबंध को लागू करने के लिए आयु सत्यापन की ठोस प्रणाली शुरू करने होंगे।
उम्मीद है कि इस प्रस्तावित कदम को अगले हफ़्ते स्पेन की मंत्रिपरिषद द्वारा मंज़ूरी मिल जाएगी और संसद में इस पर चर्चा जारी है। इस मसौदा विधेयक में संशोधन किया जाएगा, जबकि मौजूदा कानून 16 साल और उससे ज़्यादा उम्र के उपयोगकर्ताओं के लिए सोशल मीडिया एक्सेस को सीमित करने का प्रावधान करता है। संशोधित प्रस्ताव नाबालिगों को ऐसे प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण करने से साफ तौर से रोक देगा।
स्पेन का यह कदम बच्चों की ऑनलाइन गतिविधि पर नियमों को सख्त करने के लिए एक बड़े यूरोपीय अभियान के बीच आया है। इससे पहले, डेनमार्क ने 15 साल से कम उम्र के बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रखने की योजना की घोषणा की थी, जबकि फ्रांस भी इसी तरह के प्रतिबंधों को लागू करने की दिशा में काम कर रहा है। पुर्तगाल में, एक मसौदा कानून पेश किया गया है जिसके तहत 16 साल से कम उम्र के नाबालिगों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्सेस करने के लिए माता-पिता की सहमति ज़रूरी होगी।