मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग को आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों के लिए 30 हजार नियंत्रण इकाइयां और 60 हजार मतपत्र इकाइयां किराए पर उपलब्ध कराएगा। इस संबंध में एक अतिरिक्त समझौता ज्ञापन पर आज सचिवालय स्थित राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय में हस्ताक्षर किए गए। इससे सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए अंतर-राज्यीय सहयोग को मजबूती मिली है। यह समझौता ज्ञापन इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीनों-ईवीएम की उपलब्धता और उपयोग के संबंध में दोनों राज्य निर्वाचन आयोगों के बीच पूर्व समझौते का विस्तार है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने कहा कि किराए पर ली गई ईवीएम का उपयोग राजस्थान में नगर निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ईवीएम की आपूर्ति, संचालन, रखरखाव, सुरक्षा और वापसी से संबंधित सभी प्रावधानों का भारत निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार सख्ती से पालन किया जाएगा। राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश निर्वाचन आयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह का समन्वय सहकारी संघवाद की भावना को दर्शाता है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करता है।