लोकसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं और स्टार प्रचारकों ने आज अलग-अलग स्थानों पर चुनाव प्रचार किया। वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज कौशांबी संसदीय सीट में राजनीतिक रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद और नक्सलवाद को खत्म कर दिया है। उन्होंने देश की सीमाओं को और अधिक सुरक्षित बना दिया है, जबकि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि अगर वह सत्ता में आए तो धारा तीन सौ सत्तर को खत्म कर देंगे।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमेठी के गौरीगंज में सभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्ष दो हजार उन्नीस में आपने क्रांतिकारी फैसला किया। इस बार भी जनता ने मोदी जी की जीत तय कर दी है जिसकी गूंज लखनऊ से दिल्ली तक सुनाई दे रही है। उन्होंने लखनऊ के मोहनलाल गंज लोकसभा क्षेत्र के सिधौली में भी एक जनसभा को सम्बोधित किया। वहां उन्होंने कहा कि कांग्रेस ये दुष्प्रचार कर रही है कि भाजपा संविधान बदल देगी, लेकिन इतिहास गवाह है कि अभी तक कांग्रेस ने ही संविधान बदला है।
सपा मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बाराबंकी में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने भाजपा और बसपा पर एक साथ निशाना साधा और कहा कि बहुजन समाज के लोग गठबंधन प्रत्याशी को जिताने में मदद करें। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का काम किया है।