रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे में बड़े सुधार लाने के फैसले की घोषणा की है जिसका लक्ष्य इस वर्ष 52 सुधार करना है। श्री वैष्णव ने आज नई दिल्ली में रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना और रवनीत सिंह, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में नए साल, नए संकल्पों और रेलवे में बड़े सुधार लाने की भावना पर जोर दिया गया। श्री वैष्णव ने कहा कि सेवा वितरण में व्यवस्थित सुधार के लिए 52 सप्ताहों में 52 सुधार किए जाएंगे। इसमें सुरक्षा पर ध्यान देना, यात्रियों को बेहतर सेवा प्रदान करने के लिए एआई और उन्नत तकनीक का उपयोग, बेहतर कुशल कार्यबल के लिए प्रतिभा और प्रशिक्षण में सुधार और यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने के लिए भोजन और खानपान व्यवस्था को उन्नत करना शामिल होगा।