इस्पात मंत्रालय के अधीन महारत्न सार्वजनिक क्षेत्र की इकाई, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड- सेल ने MyGov के सहयोग से आज “सेल-e-BRATION”: ‘स्टील-टू-सोल’ शीर्षक से एक राष्ट्रव्यापी रचनात्मक प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। यह प्रतियोगिता देशवासियों को आकर्षक रीलों, सिनेमाई कहानियों और संवादात्मक डिजिटल विज्ञापनों के माध्यम से अपनी कहानी कहने की प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए आमंत्रित करती है। मंत्रालय ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक भारतीय के दैनिक जीवन में सेल की अभिन्न भूमिका को उजागर करना है।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के लिए चार विषय हैं। पहला विषय है भारत के बड़े सपनों का निर्माण: भारत की तरक्की की कहानी-जैसे रेलवे, बड़े पुल और हाईवे बनाने में सेल का योगदान। दूसरा विषय है देश की रक्षा और अंतरिक्ष की उड़ान: सेना के टैंकों, जहाजों और अंतरिक्ष मिशनों में इस्तेमाल होने वाला सेल का फौलाद। तीसरा विषय है, हर किसी की ज़िंदगी से जुड़ा हुआ है सेल: सेल द्वारा चलाए जा रहे स्कूल, अस्पताल और खेल प्रोग्राम, जिनसे लोगों का जीवन बदल रहा है। अंत में, चौथा विषय है हर जगह मौजूद: हमारे घरों, ऑफिसों और शहरों में सेल के वे उत्पाद जो हर पल हमारे काम आते हैं।
मंत्रालय ने कहा कि भारत की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित और पुरस्कृत करने के लिए, शीर्ष 5 रचनाकारों को 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इस प्रतियोगिता में प्रत्येक भारतीय नागरिक भाग ले सकते हैं। सभी प्रविष्टियां 16 फरवरी तक जमा करनी होंगी। अधिक जानकारी के लिए प्रतिभागी www.mygov.in पर जा सकते हैं।