सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी संयुक्त अरब अमीरात और श्रीलंका की यात्रा पर रवाना हो गये हैं। मित्र देशों के साथ रक्षा सहयोग और सैन्य सम्बन्ध मजबूत करने के भारत के कार्यक्रमों का यह एक हिस्सा है। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि जनरल द्विवेदी पहले चरण में दो दिन की यात्रा पर संयुक्त अरब अमीरात में रहेंगे। इस दौरान सेना प्रमुख संयुक्त अरब अमीरात के थलसेना के कमांडर सहित सैन्य बलों के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और प्रमुख सैन्य प्रतिष्ठानों का दौरा करेंगे। जनरल द्विवेदी संयुक्त अरब अमीरात के नेशनल डिफेंस कॉलेज भी जाएंगे।
सेना प्रमुख दूसरे चरण में श्रीलंका जाएंगे और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों तथा नेताओं के साथ बातचीत करेंगे। वे श्रीलंका सेना के प्रमुख से भी मुलाकात करेंगे। जनरल द्विवेदी रक्षा सेवा कमान और स्टाफ कॉलेज में अधिकारियों को संबोधित करेंगे तथा भारतीय सेनाओं के सर्वोच्च बलिदान के सम्मान में आईपीकेएफ समर स्मारक में श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। सेना प्रमुख की यह यात्रा हिंद महासागर क्षेत्र और पश्चिम एशिया के मित्र देशों के साथ रक्षा सहयोग मजबूत करने और आपसी विश्वास बढ़ाने की भारत की प्रतिबद्धता सुदृढ़ करता है।