गोरखपुर में कल समाप्त हुए चार दिवसीय शिविर के दौरान सेना और वायु सेना के डॉक्टरों ने 374 जीवनरक्षक शल्यक्रियाएं कीं। यह शिविर उत्तर प्रदेश के पूर्वी भाग में गोरखपुर स्थित 12 वायु सेना अस्पताल में आयोजित किया गया पहला मेगा एडवांस्ड सर्जिकल आई कैंप था।
इसमें नेत्र रोग विशेषज्ञों की उच्च स्तरीय टीम ने भाग लिया। समापन समारोह में केंद्रीय वायु कमान के वायु अधिकारी कमान-इन-चीफ एयर मार्शल बी मणिकांतन उपस्थित थे।
इसमें सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा महानिदेशक सर्जन वाइस एडमिरल आरती सरीन और चिकित्सा सेवा महानिदेशक (वायु) एयर मार्शल संदीप थरेजा द्वारा उच्च स्तरीय निरीक्षण भी शामिल थे।
यह शिविर पूरे क्षेत्र के लिए आशा की किरण बनकर उभरा और सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, देवरिया, महाराजगंज और गोरखपुर के ग्रामीण इलाकों के अलावा नेपाल से भी मरीज आए।
टीम ने शल्यक्रियाओं को अंजाम देने के लिए विश्व स्तरीय चिकित्सा उपकरणों का उपयोग किया, जिन्हें भारतीय वायु सेना के विमानों द्वारा क्षेत्र में एयरलिफ्ट किया गया था।