राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से आज राजभवन में सेंट पीटर्सबर्ग स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरनरी मेडिसिन, रूस के छात्रों और संकाय सदस्यों ने मुलाकात की। इस अवसर पर राज्यपाल ने छात्रों से संवाद किया और उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली।
राज्यपाल ने जी.बी. पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर और सेंट पीटर्सबर्ग स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरनरी मेडिसिन के बीच हुए समझौते को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे छात्र विनिमय कार्यक्रम, अनुसंधान परियोजनाएं और शैक्षणिक संवाद को मजबूती मिलेगी।
राज्यपाल ने इस सहयोग को शैक्षणिक उत्कृष्टता और अनुसंधान-आधारित प्रगति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए भविष्य में और अधिक छात्र-शिक्षक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। गौरतलब है कि रूस के छात्रों और संकाय सदस्यों का 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 5 फरवरी से 16 फरवरी तक गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के शैक्षणिक भ्रमण पर है।
वे यहां वेटरनरी एंड एनिमल साइंस कॉलेज में संकाय सदस्यों के साथ चर्चा और शोध व तकनीकी जानकारियों का आदान-प्रदान कर रहे हैं। दोनों विश्वविद्यालयों के बीच पशु चिकित्सा विज्ञान में शोध व प्रशिक्षण को सुदृढ़ करने के लिए एमओयू किया गया है।