सूडान के कोरदोफान प्रांत में पांच बच्चों और दो महिलाओं समेत 14 लोग मारे गये हैं। युद्ध पर नज़र रखने वाले सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क ने बताया कि अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्सेज और उनके सहयोगी विद्रोहियों के हमले में सात बच्चों समेत कम से कम 23 अन्य लोग घायल हो गए।
यह हिंसा ऐसे समय हुई है जब रैपिड सपोर्ट फोर्सेज के लड़ाकों और सूडान पीपुल्स लिबरेशन मूवमेंट-नॉर्थ के उनके सहयोगियों ने शनिवार को प्रांतीय राजधानी डिलिंग में हमला किया।
हालांकि सूडान के सशस्त्र बलों ने हमले को नाकाम कर दिया। उन्होंने बताया कि सेना ने हाल ही में शहर पर रैपिड सपोर्ट फोर्सेज की लंबी घेराबंदी तोड़ी थी।
दो साल से अधिक समय तक चली घेराबंदी के दौरान शहर में अकाल जैसी स्थिति बनी रही। सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क ने दारफुर के अल फाशेर जैसी भयावह स्थिति की चेतावनी दी है।
सूडान में अप्रैल 2023 से संघर्ष जारी है, जब सेना और रैपिड सपोर्ट फोर्सेज के बीच सत्ता संघर्ष खार्तूम में खुलेआम लड़ाई में बदल गया था। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, 40 हजार से अधिक लोग मारे गए हैं।