सूडान के कोरदोफान क्षेत्र में भीड़भाड़ वाले बाज़ार पर हवाई हमले में 28 लोगों की मौत हो गई, और कई घायल हुए हैं। यह हमला रविवार को उत्तरी कोरदोफान के सुदरी इलाके में हुआ। मानवाधिकार समूह इमरजेंसी लॉयर्स ने कहा कि ड्रोन हमलों से मानवीय संकट और बढ़ गया है।
समूह ने हमले के लिए सेना को ज़िम्मेदार ठहराया है। हालांकि, सेना ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि नागरिक स्थलों को निशाना नहीं बनाया गया है। यह घटना ऐसे समय हुई है जब सूडान की सेना और रैपिड सपोर्ट फोर्सेज के बीच युद्ध तीसरे वर्ष भी जारी है। यह संघर्ष अप्रैल 2023 में शुरू हुआ था। संघर्ष में अब तक 40 हजार लोग मारे गए हैं और एक करोड बीस लाख लोग विस्थापित हुए हैं।