सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने कर्नाटक में शिवमोग्गा में आकाशवाणी के 10 किलोवाट ट्रांसमीटर का उद्घाटन किया। उन्होंने इसे कर्नाटक में सार्वजनिक प्रसारण को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
श्री मुरुगन ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस दृष्टिकोण को दर्शाती है जिसके अंतर्गत विकास की सुविधा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि यह नया ट्रांसमीटर शिवमोग्गा और भद्रावती के लोगों को कल्याणकारी जानकारी, शैक्षिक सामग्री और सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक व्यापक पहुंच प्रदान करेगा।
श्री मुरुगन ने कहा कि केंद्र ने प्रसारण अवसंरचना और नेटवर्क विकास योजना के अंतर्गत लगभग दो हजार पांच सौ करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। उन्होंने बताया कि आकाशवाणी ने प्रसार भारती के माध्यम से अखिल भारतीय रेडियो को मजबूत एफएम और डिजिटल मंच में बदलने के उद्देश्य से पॉडकास्ट और मौलिक कार्यक्रमों जैसी नई ऑडियो-विजुअल सेवाएं भी शुरू की हैं।
उन्होंने कर्नाटक में बेंगलुरु, मैसूरु और धारवाड़ सहित छह पुराने ट्रांसमीटरों को बदलने की घोषणा की। इसके अलावा सार्वजनिक पार्कों में रेडियो सेट लगाने के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट का भी प्रस्ताव रखा गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार ऑरेंज इकोनॉमी को बढ़ावा दे रही है। राष्ट्रीय स्तर के प्रसारण कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है और युवा रचनाकारों के लिए 15 हजार स्कूलों में रचनात्मक प्रयोगशालाएं भी स्थापित कर रही है।
इस अवसर पर शिवमोग्गा के सांसद राघवेंद्र बी वाई, आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन और अन्य क्षेत्रीय विधायक तथा विधान परिषद के सदस्य उपस्थित थे।