फ़रवरी 18, 2026 1:40 अपराह्न

printer

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एआई समिट में वेव्स क्रिएटर्स कॉर्नर का उद्घाटन किया; 51 स्टार्टअप एआई नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दूसरे दिन कल भारत मंडपम में वेव्स क्रिएटर्स कॉर्नर का उद्घाटन किया। उन्‍होंने कहा कि वेव्स क्रिएटर्स कॉर्नर मंत्रालय की प्रमुख पहलों- वेवएक्स, वेव्स बाजार और क्रिएट इन इंडिया चैलेंजेस का रणनीतिक विस्तार है।
श्री वैष्णव ने वेवएक्स स्टार्टअप समूह के उद्यमियों और एडोब, नेटफ्लिक्स, सोनी तथा अमेज़न के प्रमुखों से बातचीत की। श्री वैष्णव ने उद्योग की बदलती मांग के अनुसार रचनात्मक शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस को एकीकृत करने के लिए भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान – आईआईसीटी की प्रशंसा की।

केन्‍द्रीय मंत्री ने वेव्स में 51 मीडिया टेक स्टार्टअप्स और विजेताओं के साथ बातचीत की। पवेलियन में अत्याधुनिक एआई अनुभव प्रदर्शित किए गए हैं, जिनमें रीयल-टाइम गेम डेवलपमेंट और प्रॉम्प्ट-टू-सिनेमा लाइव स्टूडियो से लेकर अमेज़न वेब सर्विसेज और भारतजेन द्वारा विकसित एजेंटिक एआई-संचालित न्यूज़ रूम शामिल हैं, जो स्वचालित संपादकीय कार्य को सक्षम बनाते हैं। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने बताया कि सम्मेलन के दौरान इस मंच पर विशेषज्ञ संवाद, फिल्म निर्माता मास्टरक्लास और तकनीकी सत्रों की मेजबानी जारी रहेगी।