सूचना और प्रसारण मंत्रालय में सचिव संजय जाजू ने आज प्रयागराज के महाकुंभ नगर के सेक्टर-4 स्थित आकाशवाणी और दूरदर्शन कैंप कार्यालय का दौरा किया और महाकुंभ 2025 की कवरेज के लिए किए गए इंतजामों की समीक्षा की।
संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रसार भारती ने महाकुंभ 2025 की व्यापक कवरेज और विभिन्न कार्यक्रमों तथा गतिविधियों के प्रसार के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी और दूरदर्शन महाकुंभ से जुड़े रोचक तथ्य उपलब्ध करा रहे हैं।
श्री जाजू ने यह भी कहा कि महाकुंभ एकता का संदेश देता है। उन्होंने महाकुंभ नगर क्षेत्र में स्थित सूचना और प्रसारण मंत्रालय की प्रदर्शनी सहित केन्द्र सरकार द्वारा लगाई गई विभिन्न प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया। वे परेड ग्राउंड स्थित मीडिया सेंटर भी गये। इससे पहले दिन में श्री जाजू ने त्रिवेणी संगम का दौरा किया और पवित्र स्नान किया।