जम्मू-कश्मीर में, सुरक्षा बलों ने जम्मू के अखनूर सेक्टर के बट्टल इलाके में एक मुठभेड़ के दौरान भारी मात्रा में गोला-बारूद और युद्ध सामग्री का पता लगाया है। कल किए गए अभियान में तीन भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों को मार गिराया गया।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि सोमवार को शुरू हुई मुठभेड़ में भीषण गोलीबारी के बाद आतंकवादियों को मार गिराया गया। आतंकवादियों के सामान की तलाशी लेने पर, सुरक्षाबलों ने बड़ी मात्रा में एक एम4 कार्बाइन, एके-47 राइफल, अनेक कारतूस, हथगोले और कई सामरिक उपकरणों सहित कई हथियार बरामद किए। इन हथियारों के साथ-साथ, सुरक्षा बलों ने सौर पैनल, सैटेलाइट फोन, सैन्य वर्दी और चार्जर और डिजिटल घड़ियों सहित विभिन्न उपकरण बरामद किए गए।
दवाओं, सूखे मेवों और लंबे समय तक चलने वाले ऑपरेशन के लिए आवश्यक अन्य वस्तुओं का भंडार भी सुरक्षाबलों को मिला, जिससे पता चलता है कि आतंकवादी क्षेत्र में लंबे समय पर मौजूद रहने की तैयारी कर रहे थे। बरामद हथियार कहां से लाए गए और घुसपैठ के पीछे कौन सा गिरोह काम कर रहा था, इसका पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है।