छत्तीसगढ़ में सुकमा जिले के कोंटा स्थित एतकल गांव में ग्रामीणों ने जादू-टोना के शक में एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या कर दी है। घटना की जानकारी देते हुए बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि मृतकों में तीन महिलाएं और दो पुरूष शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने इस घटना में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के संबंध में कोंटा थाना में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले जादू-टोना के शक में बलौदाबाजार जिले में भी एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है।