सीरिया सरकार और कुर्द लड़ाकों के बीच चार दिन का संघर्ष विराम कल शाम खत्म हो गया, लेकिन इसे बढ़ाये जाने के साफ संकेत नहीं मिले हैं। देश में कुर्द नेतृत्व वाली मुख्य सेना ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से किसी भी तरह के तनाव को रोकने की अपील की है। संघर्ष विराम ऐसे समय में खत्म हुआ है जब सरकारी सेनाएं सीरिया के उत्तर-पूर्व में अतिरिक्त सैनिक भेज रही हैं। पिछले कुछ हफ्तों में, भीषण झड़पें हुई हैं, जिसमें कुर्द नेतृत्व वाली और अमेरिका समर्थित सीरियन डेमोक्रेटिक फोर्सेज ने अपने नियंत्रण वाले इलाके के बड़े हिस्से खो दिए हैं ।
सीरिया की अंतरिम सरकार ने पिछले मार्च में एसडीएफ के साथ एक समझौता किया था । समझौते में इलाके को सौंपने और अपने लड़ाकों को सरकारी सेनाओं में विलय करने की बात की गई थी। जनवरी के शुरू में, विलय को लेकर बातचीत का एक नया दौर विफल रहा और दोनों पक्षों के बीच फिर से लड़ाई शुरू हो गई। पिछले सप्ताह के अंत में एक नये समझौते पर हस्ताक्षर किया गया था और मंगलवार को चार दिन के संघर्ष विराम की घोषणा की गई।