फ़रवरी 24, 2025 1:09 अपराह्न

printer

सीमांत जिले चमोली में पर्यटकों के भ्रमण के लिए इनर लाइन परमिट के आवेदन की सुविधा ऑनलाइन

 

 
सीमांत जिले चमोली में इनर लाइन परमिट की ऑन लाइन सुविधा मिलने से पर्यटक अब भारत – तिब्बत चीन सीमा क्षेत्र से लगे पर्यटन व धार्मिक स्थलों का दीदार कर सकेंगे। जिला प्रशासन ने इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू कर दी है। सीमांत क्षेत्र में भ्रमण के इच्छुक पर्यटक अब घर बैठे सुगमता से इनर लाइन परमिट के लिये आवेदन कर सकेंगे। जनपद में भारत-तिब्बत चीन सीमा क्षेत्र में माणा पास, रिमखिम पास और नीती पास मौजूद हैं। जहां नैसर्गिक सौंदर्य से भरपूर झीलें व घाटियों के साथ ही धार्मिक आस्था के केंद्र भी है। ऐसे में इन क्षेत्रों के भ्रमण के लिए प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में देश – विदेश से पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। लेकिन सीमा क्षेत्र होने के चलते यहां पहुंचने के लिए प्रशासनिक अनुमति आवश्यक है। ऐसे में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की आवेदन में हो रही दिक्कतों को देखते हुए चमोली जिला प्रशासन ने आवेदन की प्रक्रिया को ऑन लाइन कर दिया है। वेबसाइट पर आवेदन के दौरान ही मौसम व सीमा क्षेत्र की सड़क की स्थिति की जानकारी भी उपलब्ध होगी। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने कहा कि इससे क्षेत्र के विकास के साथ ही जिले में पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा।