दिसम्बर 25, 2025 8:54 अपराह्न

printer

सीएक्यूएम ने डीडीए के अनुरक्षित सड़क खंडों पर धूल नियंत्रण में सुधार की पुष्टि की

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग- सीएक्यूएम ने दिल्ली विकास प्राधिकरण- डीडीए द्वारा अनुरक्षित सड़क खंडों पर धूल नियंत्रण में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है।

इस बीच, दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति- डीपीसीसी की 15 टीमों ने लोक निर्माण विभाग-पीडब्ल्यूडी द्वारा अनुरक्षित 106 सड़क खंडों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में नौ सड़क खंडों पर अब भी धूल का स्तर अधिक पाया गया। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर नगर ठोस कचरे, निर्माण और विध्वंस अपशिष्ट के ढेर और खुले में कचरा जलाने की घटनाएं भी पाई गईं।

आयोग ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया है कि वह जमीनी स्तर पर उपायों को और तेज करे, जिनमें नियमित यांत्रिक झाड़ू लगाना, पानी का छिड़काव, कचरे का उचित निपटान और खुले में जलाने की घटनाओं की सख्त रोकथाम शामिल है। सीएक्यूएम ने कहा कि ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) के अन्‍तर्गत धूल नियंत्रण उपायों के कड़ाई से पालन को सुनिश्चित करने के लिए ‘ऑपरेशन क्लीन एयर’ के अंतर्गत लक्षित निरीक्षण जारी रहेंगे।