फ़रवरी 12, 2026 1:33 अपराह्न

printer

सीआईएसएफ का वंदे मातरम तटीय साइक्लोथॉन-2026 तिरुपति जिले के सुल्लुरपेटा पहुंचा

केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल-सीआईएसएफ का वंदे मातरम तटीय साइक्लोथॉन-2026 कल शाम तिरुपति जिले के सुल्लुरपेटा पहुंचा। साइकिल टीम आज सुबह नायडू पेटा से रवाना होकर चेन्नई की ओर बढ़ी।

सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट मधुसूदन और अन्य अधिकारी जिले में टीम के ठहराव के दौरान उपस्थित थे। विभिन्न पड़ावों पर साइकिल चालक स्थानीय निवासियों, छात्रों और युवाओं को तस्करी और अन्य खतरों सहित समुद्री सुरक्षा चुनौतियों के बारे में जागरूक कर रहे हैं। चेन्नई के बाद, टीम दक्षिण की ओर अपनी यात्रा जारी रखेगी और इस महीने के अंत में अभियान समाप्त हो जाएगा।

यह साइक्लोथॉन राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सीआईएसएफ के राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा है। इस पहल का उद्देश्य तटीय सुरक्षा और राष्ट्रीय एकता के बारे में जागरूकता लाना है।

“सुरक्षित तट, समृद्ध भारत” की थीम पर आयोजित 25 दिवसीय साइक्लोथॉन 28 जनवरी को नई दिल्ली से शुरू हुआ है। सीआईएसएफ के जवान देश के पूर्वी और पश्चिमी तटों के साथ लगभग साढे छह हजार किलोमीटर का रास्‍ता तय कर रहे हैं।