अक्टूबर 7, 2024 4:20 अपराह्न

printer

सिहुन्ता सहित पंचायतों  के लिए 19 करोड़ रूपयों की राशि से निर्माणाधीन उठाऊ पेयजल योजना  का अधिकांश कार्य पूर्ण

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि चम्बा जिला के  भटियात विधानसभा क्षेत्र के  तहत जल शक्ति विभाग द्वारा  जारी  वित्त वर्ष के दौरान 55 विभिन्न विभागीय परियोजनाओं के अंतर्गत लगभग 310 करोड़ रूपयों की राशि  व्यय  की जा रही है । 
 
वह आज सिहुन्ता तहसील मुख्यालय के समीप जल शक्ति विभाग द्वारा  3 करोड़ 64 लाख की राशि से निर्मित होने  वाले विश्राम गृह  के शिलान्यास अवसर पर आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए बोल रहे थे।
 
कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि  विभिन्न विभागीय परियोजनाओं के तहत 5 डीपीआर  (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) को जल्द अनुमति प्रदान की जाएगी। इसके तहत 74  करोड़ 10  लाख रुपए की  धन राशि  व्यय होगी। 
 
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि  अगले दो वर्षों के दौरान भटियात विधानसभा क्षेत्र  में पेयजल योजनाओं,  सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण कार्यों एवं मल निकासी  योजनाओं के लिए 288 करोड़ रूपयों की लागत वाली एक विशेष कार्य योजना को तैयार किया गया है।  इन योजनाओं के कार्यशील होने से भटियात विधानसभा क्षेत्र के लोगों की जल शक्ति विभाग से संबंधित सभी  आवश्यकताएं पूरी होंगी। 
 
कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि सिहुन्ता और  साथ लगती 13 ग्राम पंचायतों  के लिए 19 करोड़ रूपयों की राशि से निर्माणाधीन उठाऊ पेयजल योजना  का अधिकांश कार्य पूर्ण कर लिया गया है।  साथ में  उन्होंने यह भी कहा कि सिहुन्ता तथा इसके साथ लगते क्षेत्रों  में लोगों की सुविधा के लिए जल्द 32 करोड़ रूपयों की राशि से मल निकासी योजना  के निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया जाएगा। 
 
सिहुन्ता महाविद्यालय के  भवन निर्माण को लेकर  कुलदीप सिंह पठानिया ने  कहा कि  विभागीय औपचारिकताओं को पूर्ण कर लिया गया है  तथा भवन निर्माण का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय भवन के साथ ही एक बहुउद्देशीय खेल  स्टेडियम को  भी  निर्मित किया जाएगा।
 
इससे पहले उन्होंने  विधिवत पूजा-अर्चना कर  विश्राम गृह निर्माण की आधारशिला  रखी।