मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

सितम्बर 24, 2024 4:38 अपराह्न

printer

सितंबर माह में जून की गर्मी का एहसास, सामान्य से अधिक चल रहा है तापमान

हिमाचल प्रदेश में सितंबर माह में जून की गर्मी का एहसास हो रहा है। प्रदेश में दिन ब दिन सूर्य की तपिश बढ़ती जा रही है। मानसून की बौछारें थमते ही मैदानी क्षेत्रों के साथ पहाड़ भी तपने लग पड़े हैं।प्रदेश में कुछ दिनों से बारिश न होने से तापमानों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
 
 
शिमला में जहां तापमान 28.4 डिग्री के पार हो गया है वहीं मैदानी क्षेत्रों में कांगड़ा में पहली मर्तबा सितंबर माह में 35 डिग्री तक तापमान पहुंच गया है। इससे पहले वर्ष 2020 में 34.4 डिग्री तक सितंबर माह में तापमान पहुंचा था। वहीं ऊना में 37 डिग्री तो बिलासपुर में 37.4 व चंबा में 36.4 डिग्री तक तापमान पहुंच गया है। पहाड़ो में भी सूर्य की तपिश जमकर पड़ रही है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तापमानों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
 
 
आने वाले दिनों में मौसम एक बार फिर करवट बदलेगा और मौसम विज्ञान केंद्र ने  25 से 27 सितंबर को प्रदेश के कुछ जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।जिससे इस बढ़ते तापमानों से राहत के आसार है,लेकिन आज भी तापमान में उछाल आने की संभावना है।
 
 
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि गत तीन चार दिनों से प्रदेश में वर्षा नहीं हो रही है जिससे तापमानों में उछाल आया है। आने वाले दिनों में 25 व 26 सितंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश और गर्जन का येलो अलर्ट जारी किया  है।
 
 
इस दौरान प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि मानसून की विदाई प्रदेश में अमूमन 24 सितंबर के बाद होती है लेकिन आने वाले दिनों में रेनफॉल एक्टिविटी के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है।
 
 
अभी पश्चिमी राजस्थान से मानसून की विदाई हुई है और आने वाले समय में पंजाब से भी मानसून के जाने की संभावना है । इन राज्यों में मानसून की विदाई के बाद ही हिमाचल प्रदेश से मानसून विदा होता है।