सिक्किम में अब तक के रुझानों और परिणामों के अनुसार सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा प्रचंड जीत की ओर बढ़ रहा है। सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा ने एक सीट जीत ली है और 29 पर बढ़त बनाए हुए है। सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) एक सीट पर आगे चल रहा है।नवगठित सिटीजन एक्शन पार्टी और भाजपा उम्मीदवार सभी सीटों पर पिछड़ रहे हैं।
राज्य में 32 सदस्यों की विधानसभा के लिए 146 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतगणना के लिए छह केंद्र बनाए गए हैं। राज्य के निवर्तमान मुख्यमंत्री और सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा प्रमुख प्रेम सिंह तमांग, सोरेंग चाकुंग और रेहेनोक दोनों विधानसभा में आगे चल रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और एसडीएफ प्रमुख पवन कुमार चामलिंग पोकलॉक कामरांग और नामचेबुंग दोनों सीटों पर पीछे हैं। भाजपा के निवर्तमान विधायक और प्रदेश भाजपा प्रमुख डिल्ली राम थापा ऊपरी बर्तुक विधानसभा सीट पर पीछे चल रहे हैं। सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा की सभी चारों महिला उम्मीदवार आगे चल रही हैं।