सिक्किम में पाकयोंग जिला प्रशासन ने कृषि के लिए बंजर भूमि का पुनरुद्धार मिशन के तहत बंजर भूमि पर खेती करने की पहल की है। पिछले 18 महीनों में जिले में 200 एकड़ से अधिक बंजर भूमि पर खेती की जा चुकी है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया है कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के निर्देश पर जिला प्रशासन ग्रामीण समुदायों को बंजर भूमि को उपजाऊ बनाने के लिए लगातार प्रेरित कर रहा है। पाकयोंग में इस पहल के तहत बाजरे की खेती को भी बढ़ावा मिला है। स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी से लगभग 25 एकड़ बंजर भूमि बाजरे की खेती की जा रही है।
हाल में सामसिंग क्षेत्र में बाजरे की खेती से संबंधित गतिविधियां शुरू की गई हैं। इस पहल में चालू मौसम के दौरान 50 से 60 एकड़ अतिरिक्त भूमि पर बाजरे की खेती किए जाने की उम्मीद है। बाजरे के अलावा इस क्षेत्र में मौसमी सब्जियां और फल भी उगाए जा रहे हैं। ग्रामीण अपने सभी उत्पादों को बाजार में बेच रहे हैं।