केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि सिकल सेल एनिमिया के खिलाफ भारत का संघर्ष केवल आनुवंशिक विकार से निपटने तक सीमित नहीं है बल्कि यह देश में हाशिये पर आए सबसे वंचित समुदायों को समानता, गरिमा और स्वास्थ्य सुनिश्चित करने का संकल्प भी है। सोशल मीडिया पर अपने लेख को साझा करते हुए श्री नड्डा ने कहा कि जुलाई 2023 में शुरू किये गए राष्ट्रीय सिकल सेल एनिमिया उन्मूलन मिशन का उद्देश्य केवल सिकल सेल रोग का संक्रमण रोकना ही नहीं बल्कि इस बीमारी से पीड़ित लाखों लोगों की गरिमा और स्वास्थ्य लौटाना भी है।
अपने लेख में श्री नड्डा ने बताया कि मिशन के पहले दो साल में सरकार और राज्यों के सहयोग से उल्लेखनीय परिणाम देखने को मिले। उन्होंने कहा कि इस बीमारी से सबसे अधिक जूझ रहे 17 राज्यों के 300 से अधिक जिलों में 31 जुलाई तक 6 करोड़ से अधिक लोगों की जांच की गई। उन्होंने बताया कि जांच में तेजी लाने के लिए भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद की ओर से स्वीकृत मरीजों के आसपास ही निदान सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।