सावन की तीसरी सोमवारी पर आज राज्यभर के शिवालयों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। देवघर में नौ किलोमीटर लंबी लाइन में कतारबद्ध होकर श्रद्धालु जलार्पण के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार बाबा बैद्यनाथ धाम में आज लगभग ढाई लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है।
इधर रांची के पहाड़ी मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जा रही है। लोग पहाड़ी बाबा पर जलाभिषेक कर रहे हैं। वहीं हजारीबाग जिले के बड़कागांव में पांच सौ मीटर ऊंचे पर्वत शिखर पर स्थित बुढ़वा महादेव मंदिर में शिव भक्तों का जनसैलाब उमड़ा है। बुढ़वा महादेव मंदिर में सावन में जलाभिषेक की परंपरा छह सौ साल पुरानी है।